जितेन्द्र गुप्ता, जालौन
जालौन जनपद की पुलिस को अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी के आभूषण, कुल 2 लाख 39 हजार रुपये नकद, एक अवैध असलहा, जिंदा कारतूस तथा एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए दोनों लुटेरे पेशेवर अपराधी हैं और उनके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी लंबे समय से चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे और पुलिस को लंबे समय से इनकी तलाश थी।

यह गिरफ्तारी एट थाना क्षेत्र के एट–कोंच मार्ग से की गई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि 28 मार्च को इन्हीं शातिर अभियुक्तों ने एक घर में सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
