जितेन्द्र गुप्ता, जालौन
जालौन के कोंच नगर स्थित एलएसजी पोस्ट ऑफिस में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब लखनऊ से आई सीबीआई की चार सदस्यीय टीम ने करीब 2:15 बजे अचानक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान सीबीआई ने उप मंडलीय डाक निरीक्षक (एसडीआई) प्रदीप भार्गव समेत तीन कर्मचारियों को रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में हिरासत में ले लिया। सीबीआई की इस कार्रवाई से पोस्ट ऑफिस परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया।

सीबीआई टीम ने सबसे पहले ट्रैप कार्रवाई के तहत सुमित यादव को रंगे हाथों पकड़ लिया। सुमित यादव वर्तमान में अकोड़ी पोस्ट ऑफिस में बीपीएम के पद पर तैनात है और मूल रूप से महेंद्रगढ़ (हरियाणा) का निवासी बताया जा रहा है। उसके पास से ढाई हजार रुपये की रिश्वत की रकम बरामद की गई। पूछताछ में सुमित यादव ने अपने साथी आमिर खान का नाम बताया, जो उरई का निवासी है और चंदुर्रा पोस्ट ऑफिस में बीपीएम के पद पर तैनात है। इसके बाद सीबीआई ने आमिर खान को भी हिरासत में ले लिया।
मामला पोस्टमैन किशन कुमार, निवासी बिहार, से जुड़ा है। बताया गया कि किशन कुमार का तबादला हो चुका था, लेकिन उन्हें रिलीव करने के एवज में कोंच में तैनात एसडीआई प्रदीप भार्गव द्वारा 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के अनुसार किशन कुमार पहले ही 5 हजार रुपये दे चुके थे और शेष रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

दोनों कर्मचारियों की निशानदेही पर सीबीआई टीम कोंच एलएसजी पोस्ट ऑफिस पहुंची, जहां एसडीआई प्रदीप भार्गव से करीब 35 मिनट तक गहन पूछताछ की गई और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की गई। पूछताछ के बाद सीबीआई टीम प्रदीप भार्गव को भी अपने साथ ले गई। जब उन्हें ले जाया जा रहा था, तो पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया।

बताया जा रहा है कि इस मामले में ऐट पोस्ट ऑफिस के इंचार्ज अजय सिंह की भूमिका भी जांच के दायरे में है। जालौन के अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद इंडिया पोस्ट विभाग में खलबली मची हुई है और आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
