नई दिल्ली,
भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर एक अहम निर्णय लेते हुए बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की है। यह निर्णय पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया गया और इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया गया।

नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में नितिन नबीन ने औपचारिक रूप से जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष श्री जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह, संगठन महामंत्री श्री बी.एल. संतोष, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राजनाथ सिंह, कई राष्ट्रीय महासचिव, प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जे.पी. नड्डा के कार्यकाल के बाद संगठन को नई ऊर्जा देने और आगामी चुनावी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। नितिन नबीन को संगठनात्मक मजबूती, राज्यों के बीच समन्वय और चुनावी रणनीति को धार देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नितिन नबीन बिहार की बांकीपुर विधानसभा से पांच बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में राज्य सरकार में मंत्री हैं। संगठन और सरकार—दोनों स्तरों पर उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी है।
समारोह के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नितिन नबीन को शुभकामनाएं दीं और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।
