Share Now:

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने नगर पंचायत माधौगढ़ में स्थापित मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर तथा वेट टू कम्पोस्ट वेट वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट (क्षमता–03 टीपीडी) का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्र में शत-प्रतिशत स्रोत पर कचरा पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए। गीले एवं सूखे कचरे का नियमित संग्रहण एवं वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्देशित किया कि एमआरएफ सेंटर में प्राप्त होने वाली पुनर्चक्रण योग्य सामग्री का विधिवत पृथक्करण कर उसे अधिकृत रीसाइक्लिंग एजेंसियों को भेजा जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ संसाधनों का पुनः उपयोग संभव हो सके।

वेट टू कम्पोस्ट प्लांट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संयंत्र को पूर्ण क्षमता के साथ नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्पादित कम्पोस्ट की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। साथ ही, इस कम्पोस्ट का उपयोग नगर पंचायत क्षेत्र की हरित पट्टियों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों में किया जाए, जिससे स्वच्छता के साथ हरियाली को भी बढ़ावा मिले।

इस अवसर पर चेयरमैन राघवेंद्र व्यास, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, उप जिलाधिकारी राकेश सोनी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, डीपीआरओ राम अयोध्या प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *