Share Now:

जितेन्द्र गुप्ता ✍️ | जालौन

‘‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’’ के अंतर्गत राजेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल, जालौन के नेतृत्व में शहर के विभिन्न स्थलों पर स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूली वाहनों के आवश्यक प्रपत्रों—पंजीयन प्रमाण पत्र, फिटनेस, बीमा, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस आदि—की जांच की गई।चेकिंग के समय वाहन चालकों व परिचालकों को छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि बच्चों को घर से सुरक्षित रूप से रिसीव कर घर तक ही छोड़ा जाए, क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को वाहन में न बैठाया जाए, अपने लेन में वाहन चलाया जाए, रांग साइड वाहन न चलाएं, तेज गति से वाहन न चलाएं तथा सामने चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।जांच के दौरान एक स्कूली वाहन बिना बीमा के संचालित पाया गया, जिस पर मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान समस्त चालकों व परिचालकों को समय-समय पर स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी गई। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो उसे विद्यालय प्रबंधन एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ साझा करें, जिससे समय रहते समाधान किया जा सके।वाहनों में उपलब्ध फर्स्ट एड बॉक्स (मेडिकल किट) की नियमित जांच करने, दवाओं की वैधता सुनिश्चित करने तथा वाहन में अग्निशमन यंत्र रखने और उसके उपयोग का प्रशिक्षण प्राप्त करने की भी हिदायत दी गई।इसी क्रम में राजेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल, जालौन द्वारा राठ रोड उरई स्थित गुरुद्वारा में आयोजित रक्तदान शिविर में सहभागिता की गई। शिविर में उपस्थित सम्मानित समाजसेवियों, राहगीरों एवं रक्तदानकर्ताओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें वाहन संचालन के दौरान नशे की हालत में वाहन न चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने, स्टंट न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने का आग्रह किया गया।इसके अतिरिक्त राहवीर योजना, हिट एण्ड रन योजना एवं कैशलेस ट्रीटमेंट योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी देकर आमजन को जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *