Share Now:

जितेन्द्र गुप्ता, जालौन✍️

रामपुरा, जालौन।

साइबर अपराधी आए दिन नए-नए हथकंडे अपनाकर भोले-भाले लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम निनावली जागीर से सामने आया है, जहां शिशु डिलीवरी के भुगतान का झांसा देकर एक ग्रामीण से ऑनलाइन ठगी कर ली गई। हालांकि, रामपुरा पुलिस की तत्परता से पीड़ित को बड़ी राहत मिली और अधिकांश ठगी की रकम वापस करा दी गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम निनावली जागीर निवासी ईशेन्द्र सिंह पुत्र रामनारायण ने थाना रामपुरा में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात साइबर ठगों ने शिशु डिलीवरी से संबंधित भुगतान की बातों में उलझाकर उनसे ऑनलाइन माध्यम से ₹9,853 की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह ने तत्काल मामले की जांच के निर्देश दिए।पुलिस द्वारा तुरंत ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर साइबर सेल से समन्वय स्थापित किया गया। कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल रजनीश कुमार एवं कांस्टेबल मिथिलेश कुमार की सक्रिय भूमिका से त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप ठगी गई राशि में से ₹8,853 पीड़ित ईशेन्द्र सिंह के खाते में वापस करा दी गई।राशि वापस मिलने पर पीड़ित ने राहत की सांस ली और रामपुरा पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की तत्परता और सहयोग से उन्हें समय रहते न्याय मिल सका।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह ने आमजन से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक अथवा ऑनलाइन भुगतान के अनुरोध पर तुरंत विश्वास न करें। किसी भी प्रकार का संदेह होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें, ताकि साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *