विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य तेल व अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित, जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए
जितेन्द्र गुप्ता ✍️
आगामी होली त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए तथा शासन से प्राप्त आदेशों के क्रम में जनपद जालौन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया गया। आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं वाहनों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ० जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद जालौन की टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।दिनांक 26/02/2026 की रात्रि में बाहरी जनपदों की सीमाओं से जनपद जालौन में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान चमारी टोल प्लाजा पर झांसी की ओर जा रही गाड़ी संख्या यूपी 78 एच एन 0932 से ले जाए जा रहे पफ्फ (नमकीन) का नमूना संग्रहित किया गया, ताकि मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।इसके अतिरिक्त दिनांक 27/02/2026 को उरई नगर पालिका के मुख्य बाजार स्थित प्रियंका वनस्पति प्रतिष्ठान से रिफाइंड पामोलीन ऑयल एवं राइस ब्राउन ऑयल के नमूने लिए गए।

साथ ही गोपाल गंज, उरई स्थित गिरिराज ट्रेडर्स से कोकोनट पाउडर का नमूना संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया।विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि कोई नमूना मानकों के विपरीत अथवा मिलावटी पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई आगामी त्योहारों तक निरंतर जारी रहेगी तथा जिले के विभिन्न बाजारों में नियमित निरीक्षण किया जाएगा।इस अवसर पर सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ० जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार तथा महेश प्रसाद उपस्थित रहे।
