उरई,
जालौन जिले के लिए गर्व का पल आया है। जिले की बेटी वैष्णवी शर्मा ने नए साल से पहले बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में स्थान बनाया है। मलेशिया में आयोजित अंडर-19 अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के दम पर उनका चयन सीनियर भारतीय टीम में किया गया है। वैष्णवी अब 21 दिसंबर से श्रीलंका में होने वाली टी-20 महिला क्रिकेट श्रृंखला में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।

मूल रूप से माधौगढ़ तहसील के ग्राम मिझौना निवासी वैष्णवी शर्मा, नरेंद्र शर्मा और आशा लता शर्मा की पुत्री हैं। वर्तमान में उनका परिवार ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में निवास करता है। उनके पिता नरेंद्र शर्मा लंबे समय तक जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर में ज्योतिषाचार्य के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति गहरी रुचि रखने वाली वैष्णवी ने ग्वालियर की गलियों और स्थानीय मैदानों से क्रिकेट की शुरुआत की। पिता ने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए हर स्तर पर प्रोत्साहन और सहयोग दिया।
अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप में वैष्णवी ने अपने पहले ही मैच में हैट्रिक के साथ पांच विकेट लेकर इतिहास रच दिया था। उनके इसी दमदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और उन्हें सीनियर भारतीय महिला टीम में जगह दिलाई।

भारतीय टीम में चयन की खबर मिलते ही पैतृक गांव मिझौना सहित पूरे जालौन जिले में जश्न का माहौल बन गया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी जाहिर की। फोन पर बातचीत में वैष्णवी के माता-पिता ने कहा कि यह सफलता दादा स्वर्गीय विशंभर दयाल शर्मा और दादी स्वर्गीय रामदेवी के आशीर्वाद तथा वैष्णवी की कड़ी मेहनत का परिणाम है, वैष्णवी की इस उपलब्धि से जिले की बेटियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है और खेल प्रेमियों को उनसे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
