जितेंद्र गुप्ता,जालौन
जालौन के रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम छौना में एक 58 वर्षीय किसान की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और गांव में सनसनी व दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस के अनुसार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
बता दे कि ग्राम छौना के एक खेत के पास बनी मढ़ैया (छप्पर) में मृतक किसान वीरेंद्र कुमार का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किए गए जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। शव मिलने की सूचना पर इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उनके पति की हत्या गांव के ही एक युवक अखिलेश ने की है। उनके अनुसार, हत्या से पहले मृतक और अखिलेश के बीच किसी विवाद की बात सामने आई है। आरोप है कि शराब के नशे की हालत में हुए इस विवाद के बाद अखिलेश ने कुल्हाड़ी से वार करके वीरेंद्र कुमार की हत्या कर दी। हत्यारोपी अखिलेश घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर हत्या को लेकर मामला दर्ज हो चुका है।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ माधौगढ़ अम्बुज सिंह के नेतृत्व में पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर नामजद आरोपी अखिलेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे गिरफ्तार करने के लिए तेजी से छापेमारी अभियान शुरू किया है

इस संबंध में सीओ माधौगढ़ अम्बुज सिंह ने बताया, ग्राम छौना में एक किसान की संदिग्ध हालत में मौत की सूचना मिली थी। हमने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

प्राथमिक जांच में हत्या के संकेत मिले हैं। मृतक के परिजनों ने गांव के एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। घटना की सभी एंगल से जांच की जा रही है। गांव में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया है।
