जितेन्द्र गुप्ता, जालौन
मंगलवार रात मथुरा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे में जालौन जिले के चार लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें कोंच नगर के गांधी नगर निवासी विकास (29) और उनकी पत्नी कामिनी देवी (24) शामिल हैं। दोनों नोएडा जा रहे थे और उरई से एक स्लीपर बस में सवार हुए थे। मथुरा के पास बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से दंपत्ति को गंभीर चोटें आईं। दोनों का इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा बताया जा रहा है। मंगलवार रात एक्सप्रेस-वे पर दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान एक वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहे वाहन आपस में टकराते चले गए और हादसा श्रृंखलाबद्ध दुर्घटना में बदल गया। इस दुर्घटना में 8 बसें और 3 से 4 कारें आपस में टकरा गईं।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ वाहनों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जालौन जिले के अन्य घायलों में कस्बा डकोर निवासी मातादीन और नियामतपुर गांव निवासी अभिषेक शर्मा शामिल हैं। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन अस्पतालों के लिए रवाना हो गए, जिससे परिवारों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की है। पुलिस ने कोहरे में वाहन चालकों से सावधानी बरतने, गति सीमा का पालन करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
