Share Now:

पटेल चौक व औरैया–बंगरा–कोंच चौराहा पर परिवहन विभाग और टैम्पो-टैक्सी यूनियन का संयुक्त जागरूकता अभियान

जितेन्द्र गुप्ता ✍️

‘‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’’ के अंतर्गत जालौन शहर में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। यह जागरूकता कार्यक्रम जालौन शहर के पटेल चौक एवं औरैया–बंगरा–कोंच चौराहा पर आयोजित किया गया, जिसमें टैम्पो-टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष एवं उनके पदाधिकारियों का सक्रिय सहयोग रहा।इस कार्यक्रम में राजेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल, सुधीर कुमार पाण्डेय, अध्यक्ष टैम्पो-टैक्सी यूनियन, खलील सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी एवं प्रवर्तन दल के अधिकारी उपस्थित रहे।

अभियान के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को हेलमेट व सीट-बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया।जागरूकता अभियान के दौरान जो वाहन चालक हेलमेट व सीट-बेल्ट का सही तरीके से प्रयोग करते हुए वाहन चलाते पाए गए, उन्हें माला पहनाकर एवं फूल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, बिना हेलमेट व सीट-बेल्ट वाहन चलाने वाले चालकों को कठोर चेतावनी देते हुए सरकार, परिवहन विभाग तथा उनके परिवार की ओर से अपील की गई कि वे अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

अधिकारियों ने वाहन चालकों को यह भी समझाया कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज गति से वाहन न दौड़ाएं, स्टंट न करें, गलत दिशा में वाहन का संचालन न करें, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करें तथा आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही यह स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोषी वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।अंत में उपस्थित सभी लोगों द्वारा संयुक्त रूप से वाहन स्वामियों एवं राहगीरों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *