Share Now:

जालौन,

रेढ़र थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता के अनुसार बीते माह कुछ दबंग किस्म के लोगों ने उसके घर में जबरन घुसकर उसके साथ मारपीट की और सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस संबंध में पीड़िता की तहरीर पर रेढ़र थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।पीड़िता का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सभी आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं, जिससे उनके हौसले और बुलंद हो गए हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी और उनके करीबी लोग लगातार उसके घर के आसपास मंडराते रहते हैं और फोन व अन्य माध्यमों से उस पर समझौते का दबाव बना रहे हैं।पीड़िता के मुताबिक समझौता न करने की स्थिति में उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। आरोपियों द्वारा अगवा कर जान से मारने की धमकी भी दी गई है, जिससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।एसपी कार्यालय में दी गई शिकायत में पीड़िता ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो उसके साथ कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। उसने पुलिस प्रशासन से अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने पीड़िता को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और मामले में शीघ्र आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *