Share Now:

नकल पर सख्ती, 6 केंद्र संवेदनशील घोषित; दो पालियों में 12 मार्च तक चलेंगी परीक्षाएं

जितेन्द्र गुप्ता ✍️, उरई (जालौन)

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक संचालित की जाएंगी। जालौन जनपद में परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और नकलमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।इस वर्ष जिले भर में कुल 72 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 38 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी।

सभी विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश से पूर्व पहचान पत्र की जांच और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित के मुताबिक, हाईस्कूल परीक्षा में 19,070 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 10,006 छात्र और 9,064 छात्राएं शामिल हैं। वहीं इंटरमीडिएट में 19,248 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 10,335 छात्र और 8,893 छात्राएं हैं।जिले में माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत कुल 247 विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इनमें 33 राजकीय, 63 सहायता प्राप्त और 151 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं।

परीक्षा संचालन के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में गठित समिति ने 8 राजकीय, 40 सहायता प्राप्त और 24 वित्तविहीन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया है।प्रशासन ने 6 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा है, जहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। इन केंद्रों पर विशेष निगरानी टीमों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए 5 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 72 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 6 सचल दल और मंडलीय स्तरीय निरीक्षण टीमें भी सक्रिय रहेंगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि पूरे जनपद में बोर्ड परीक्षाएं निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *