जितेन्द्र गुप्ता✍️
मा० राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्ग-दर्शन में आगामी दिनांक 22.02.2026 को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के सफल आयोजन को लेकर जिला दीवानी न्यायालय, उरई में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक सम्पन्न हुई।बैठक में अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी ने उपस्थित अधिकारियों को शिविर के सुचारु एवं प्रभावी आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये। सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन श्रीमती शाम्भवी प्रथम ने बताया कि यह मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर दिनांक 22 फरवरी 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में आयोजित किया जायेगा।उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के व्यक्तियों का विधिक सशक्तीकरण करना तथा जिले में संचालित विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाना है। शिविर में रेशम, श्रम, एनआरएलएम, नेडा, चकबन्दी, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग, पूर्ति, बांट-माप, दिव्यांग, खेलकूद, युवा कल्याण सहित समस्त विभागों द्वारा अलग-अलग कैम्प लगाये जायेंगे, जहां एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी व लाभ प्रदान किये जायेंगे।बैठक में सभी विभागों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्ण सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिये गये। साथ ही यह भी कहा गया कि सभी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं की सूची अविलम्ब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में प्रेषित करें। उपस्थित अधिकारियों ने मेगा शिविर के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।समन्वय बैठक में परियोजना अधिकारी नेडा श्री राकेश कुमार पाण्डेय, क्रीड़ाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुशवाहा, खाद एवं रसद विभाग से एआरओ श्री हाकिम सिंह, एनआरएलएम विभाग प्रतिनिधि श्री धर्मेन्द्र जैन, ग्राम्य विकास एपीओ श्री असित, समाज कल्याण विभाग के प्रतिनिधि श्री देवेन्द्र कुमार त्रिवेदी, दिव्यांग विभाग के प्रतिनिधि श्री शैलेश गुप्ता, युवा कल्याण विभाग के प्रतिनिधि श्री मोहन सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
