जितेन्द्र गुप्ता, जालौन
लखनऊ।
राजधानी लखनऊ में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। बीते 48 घंटों के भीतर तापमान में 7.6 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। हालात ऐसे रहे कि बुधवार को इकाना स्टेडियम में खेला जाने वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच घने कोहरे और धुंध के कारण रद्द करना पड़ा। वहीं, ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में भी बदलाव कर दिया है।

बुधवार को इस सीजन में पहली बार राजधानी में सबसे घना कोहरा देखने को मिला। सुबह सूरज के दर्शन नहीं हुए और दोपहर तक धूप बेअसर रही। गलन भरी पछुआ हवाओं ने लोगों को पूरे दिन ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। हालात यह रहे कि दिन में भी लोग अलाव, हीटर और ब्लोअर का सहारा लेते नजर आए। शाम और रात में ठंड का असर और ज्यादा बढ़ गया।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिम और मध्य भारत के ऊपर बने प्रति-चक्रवात और ऊपरी हवा के प्रभाव से लखनऊ में घना कोहरा छाया हुआ है। उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर तक सर्द हवाओं और कोहरे का असर बने रहने की संभावना है।
घने कोहरे का सबसे बड़ा असर क्रिकेट प्रेमियों पर पड़ा। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाला टी-20 मुकाबला तय समय पर शुरू नहीं हो सका। दर्शक देर रात तक स्टेडियम में डटे रहे, लेकिन अंततः मैच रद्द होने की घोषणा कर दी गई, जिससे हजारों दर्शकों को निराशा हाथ लगी। देश-विदेश से आए प्रशंसकों के चेहरों पर मायूसी साफ नजर आई।

वहीं, ठंड और कोहरे को देखते हुए जिलाधिकारी विशाख जी ने राजधानी के सभी विद्यालयों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है। अब कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई सुबह 9 बजे से शुरू होगी। यह आदेश बेसिक शिक्षा, यूपी बोर्ड, सीबीएसई सहित सभी बोर्डों के विद्यालयों पर लागू होगा। सुबह 9 बजे से पहले कक्षाएं चलाने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।
