जितेन्द्र गुप्ता ✍️
जालौन, चैत्र नवरात्र के अवसर पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शासन के निर्देशों के क्रम में आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय के आदेश पर जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने माधोगढ़ मुख्य बाजार व उरई क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।

टीम ने माधोगढ़ मुख्य बाजार स्थित सागर विश्नोई पुत्र हरिश्चंद्र विश्नोई के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का नमूना तथा मोहित गुप्ता पुत्र लखन लाल गुप्ता के प्रतिष्ठान से बेसन का नमूना संग्रहित किया। इसके अलावा उरई राजमार्ग स्थित सोनी ट्रेडर्स से भी सरसों के तेल का नमूना लिया गया।सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई नमूना मानक के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव एवं अनिल कुमार शंखवार भी मौजूद रहे। विभाग ने बताया कि नवरात्र के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जनपद के विभिन्न बाजारों में सघन निरीक्षण किए जाएंगे, ताकि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
