सरकार के 12 वर्ष पर्ण, 41 विभागों ने लगाए स्टॉल, लाभार्थियों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र और आर्थिक सहायता
जितेंद्र गुप्ता✍️। उरई
उरई। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत सदर तहसील परिसर में विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने फीता काटकर किया।

इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन के सामने प्रस्तुत किया गया।प्रदर्शनी में 41 विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों तथा जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी।

युवा, महिला, किसान और गरीब कल्याण से संबंधित योजनाओं के साथ प्रदेश में हुए आधारभूत विकास, बेहतर कानून व्यवस्था और धार्मिक स्थलों के विकास को भी प्रदर्शित किया गया कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, अनुदान राशि और चेक वितरित किए।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को सोलर रूफटॉप संयंत्रों के लिए अनुदान स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़े लाभार्थियों को भी सहायता उपलब्ध कराई गई।अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जिससे गरीब, किसान, महिलाएं और युवा आत्मनिर्भर बन सकें।कार्यक्रम में सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
