जालौन के कुठौंद थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार राय की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महिला आरक्षी मीनाक्षी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर की मौत सर्विस रिवॉल्वर से निकली गोली लगने से हुई थी। मृतक इंस्पेक्टर की पत्नी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर महिला कांस्टेबल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी आरक्षी को हिरासत में लेकर कड़ी सुरक्षा के बीच उसका मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए। इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे में सनसनी फैला दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

