उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का रविवार को औपचारिक ऐलान कर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुए इस एलान के साथ ही पंकज चौधरी को प्रदेश संगठन की कमान सौंप दी गई। पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक अनुभव और प्रशासनिक समझ को देखते हुए यह अहम जिम्मेदारी पंकज चौधरी को दी है।पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह अब तक सात बार सांसद चुने जा चुके हैं और वर्तमान में केंद्र की मोदी सरकार में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। संसदीय राजनीति के साथ-साथ संगठन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है, जिसका लाभ पार्टी को प्रदेश स्तर पर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके अध्यक्ष बनने से आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों में पार्टी को मजबूती मिलने की बात कही जा रही है।घोषणा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए प्रदेशाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि पंकज चौधरी के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान भी किया। पार्टी नेताओं का मानना है कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।पंकज चौधरी का पारिवारिक राजनीतिक जुड़ाव भी रहा है। उनकी मां उज्ज्वला चौधरी महराजगंज जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं, जिससे क्षेत्रीय राजनीति में उनका प्रभाव पहले से ही मजबूत माना जाता है। जमीनी स्तर पर पकड़ और लंबे राजनीतिक अनुभव के कारण पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पंकज चौधरी ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि वह कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को और मजबूत करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना और प्रदेश में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाना उनकी प्राथमिकता होगी।
