Share Now:

सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार व सुरेश कुमार के नेतृत्व में चला विशेष जागरूकता अभियान

जितेन्द्र गुप्ता✍️

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद जालौन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आटा टोल प्लाजा पर विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान राजेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल एवं सुरेश कुमार, वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) के नेतृत्व में आटा टोल प्लाजा मैनेजर के सहयोग से संपन्न हुआ।

अभियान के दौरान कोहरे को देखते हुए समस्त प्रकार के वाहनों पर मानक के अनुरूप रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए, ताकि कम दृश्यता की स्थिति में भी वाहन आसानी से दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। इसके साथ ही वाहन चालकों को राहवीर योजना, सड़क सुरक्षा नियमों एवं यातायात से संबंधित आवश्यक जानकारियों के पम्पलेट वितरित कर विस्तार से समझाया गया।राजेश कुमार एवं सुरेश कुमार द्वारा वाहन चालकों को सलाह दी गई कि कोहरे के समय वाहन धीमी गति से चलाएं, दृश्यता कम होने पर वाहन सुरक्षित स्थान जैसे पेट्रोल पम्प आदि पर खड़ा करें और सड़क या सड़क किनारे वाहन खड़ा न करें। साथ ही सभी से अपील की गई कि वाहन का संचालन केवल वैध प्रपत्रों के साथ करें, नींद या थकान की स्थिति में वाहन न चलाएं, नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।

अधिकारियों ने ओवरस्पीड, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट वाहन संचालन जैसी लापरवाहियों से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति भी सचेत किया। अभियान के माध्यम से सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य नियमों की जानकारी देते हुए सभी वाहन चालकों से सावधानी बरतने और सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *