गंभीर हालत में ग्वालियर किया गया था रेफर, इलाज के दौरान तोड़ा दम; एनसीसी कैडेट था छात्र
जितेन्द्र गुप्ता ✍️। जालौन
रामपुरा क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी के बीच एक दुखद घटना सामने आई है। शीतलहर की चपेट में आने से कक्षा 12 के एक किशोर छात्र की ब्रेन हैमरेज के कारण मौत हो गई। इस घटना से परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, समर सिंह इंटर कॉलेज रामपुरा में अध्ययनरत कक्षा 12 के छात्र विनय कुमार पुत्र विनोद कुमार की तबीयत 7 जनवरी को अचानक बिगड़ गई। अत्यधिक ठंड के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए ग्वालियर के एक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।बताया गया कि विनय कुमार मूल रूप से इटावा जनपद के कुँवरपुरा गांव का रहने वाला था। पढ़ाई के लिए वह रामपुरा में रह रहा था और समर सिंह इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की शिक्षा ग्रहण कर रहा था। वह एनसीसी का छात्र भी था और अनुशासित व मेधावी छात्र के रूप में जाना जाता था।विद्यालय के शिक्षक भानू राजावत ने छात्र के निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि यह समाचार विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि विनय एक होनहार छात्र था और उसकी असामयिक मृत्यु से सभी शिक्षक व छात्र गहरे सदमे में हैं। वर्तमान में शीतकालीन अवकाश चल रहा है, जिस कारण विद्यालय में शिक्षण कार्य बंद है और विस्तृत जानकारी एकत्र नहीं हो सकी है।घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोग भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त कर रहे हैं और शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील कर रहे हैं।
