बिना रिफ्लेक्टर टेप लगे वाहनों पर कार्रवाई, कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों को दी गई विशेष सलाह
जितेन्द्र गुप्ता ✍️
‘‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’’ के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जोल्हूपुर एवं इकलासपुरा चौराहे पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व सुरेश कुमार, वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) ने किया। कार्यक्रम में प्रवर्तन स्टाफ के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।अभियान के दौरान प्रवर्तन दल द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए। साथ ही जिन दोपहिया, तिपहिया एवं अन्य वाहनों में रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगे पाए गए, उनमें मौके पर ही रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए। कोहरे के दृष्टिगत वाहन चालकों को रिफ्लेक्टर टेप का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई।जागरूकता अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई। हेलमेट व सीट बेल्ट न लगाने के मामलों में कुल 78 वाहनों के चालान प्रवर्तन दल द्वारा मौके पर ही किए गए। इसके अतिरिक्त सभी चालकों को सुरक्षित परिवहन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।वाहन चालकों से अपील की गई कि वे समस्त वैध प्रपत्रों के साथ वाहन का संचालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, ओवरस्पीड एवं गलत दिशा में वाहन न चलाएं तथा बिना नंबर प्लेट के वाहन सड़कों पर न उतारें। कोहरे में दृश्यता कम होने पर गति सीमित रखें और आवश्यकता होने पर वाहन को किसी सुरक्षित स्थान या पेट्रोल पंप पर खड़ा करें, ताकि किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य नियमों की भी जानकारी देकर सभी को जागरूक किया गया।
