Share Now:

जितेन्द्र गुप्ता ✍️

उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं मा० जनपद न्यायाधीश श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में सचिव (पूर्णकालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शम्भवी-प्रथम ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अभिषेक खरे के साथ जिला कारागार उरई का साप्ताहिक भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न बैरकों का दौरा कर वहां निरूद्ध बन्दियों से बातचीत की, उनकी समस्याओं को जाना-समझा तथा जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सचिव (पूर्णकालिक) श्रीमती शम्भवी-प्रथम ने ऐसे बन्दियों की सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन को भेजने के निर्देश दिए, जिनकी जमानत सक्षम न्यायालय से हो चुकी है लेकिन जमानतगीर न होने के कारण वे रिहा नहीं हो पा रहे हैं, ताकि प्रभावी पैरवी कर उन्हें शीघ्र कारागार से मुक्त कराया जा सके। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर बन्दियों की जमानत राज्य की ओर से जिला अधिकार प्राप्त समिति जालौन के माध्यम से कराए जाने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने कारागार चिकित्सालय का निरीक्षण कर चिकित्साधिकारी से बन्दियों के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। महिला बन्दियों व उनके साथ रह रहे बच्चों की चिकित्सा, खान-पान, मुकदमों की पैरवी तथा दी जा रही विधिक सहायता व परामर्श की भी समीक्षा की गई। बाल कारागार में निरुद्ध बन्दियों से अलग-अलग जानकारी लेकर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि जिन बन्दियों का कोई निजी अधिवक्ता नहीं है, उन्हें विधिक सहायता अवश्य उपलब्ध कराई जाए।निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि यदि किसी विचाराधीन बन्दी को सरकारी खर्चे पर अधिवक्ता की आवश्यकता हो तो संबंधित न्यायालय में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत कर एमाइकस क्यूरी (न्यायमित्र) की सुविधा दिलाई जाए। वहीं दोषसिद्ध बन्दियों की अपील नियमानुसार जेल अपील के माध्यम से कराए जाने तथा अपील की समय-सीमा समाप्त होने से पहले सभी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने पर जोर दिया गया। किसी भी विधिक समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से समन्वय स्थापित कर माननीय उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति से पत्राचार करने के निर्देश भी दिए गए।जिला कारागार स्थित लीगल एड क्लीनिक का भी निरीक्षण किया गया, जहां समस्त अभिलेख संतोषजनक पाए गए। इसके साथ ही बन्दियों से मिलने आने वाले उनके परिजनों को दिनांक 22.02.2026 को आयोजित होने वाले मेगा/विधिक सेवा शिविर की जानकारी देने के निर्देश जेल प्रशासन को दिए गए।इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री नीरज देव, कारापाल श्री प्रदीप कुमार, चिकित्साधिकारी डॉ० राहुल बर्मन, उपकारापाल श्री अमर सिंह, उपकारापाल श्री रामलखन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन के लिपिक श्री शुभम् शुक्ला उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *