Share Now:

जितेन्द्र गुप्ता ✍️

आगामी होली त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद जालौन की विभिन्न तहसीलों में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया गया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ, उ0प्र0 तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार सहायक आयुक्त (खाद्य) जालौन डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने बाजारों में छापेमारी कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

होली के अवसर पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभागीय टीम लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में जालौन तहसील के मुख्य बाजार में पूरन चंद्र पुरवार के प्रतिष्ठान से आलू चिप्स का नमूना लिया गया।

सब्जी मंडी जालौन स्थित नीरज ट्रेडर्स, प्रोपराइटर पंकज कुमार के प्रतिष्ठान से घी का नमूना संग्रहित किया गया।मोहल्ला काशीनाथ जालौन में सतीश चंद्र गुप्ता के प्रतिष्ठान से बेसन का नमूना तथा संजय चौरसिया के प्रतिष्ठान से मैदा का नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त सुभाष ट्रेडर्स से कचरी का नमूना एवं मदारीपुर स्टैंड स्थित बालाजी फास्ट फूड कॉर्नर से चटनी का नमूना संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि कोई नमूना मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी।विभाग द्वारा यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा त्योहारों तक जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जाती रहेगी।इस अवसर पर सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, अनिल कुमार शंखवार तथा महेश प्रसाद उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *