Share Now:

मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

जितेन्द्र गुप्ता ✍️

जालौन, भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी ने संबंधित फील्ड ट्रेनर्स एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का सटीक आकलन किया जाता है। इसलिए सभी कार्मिक पूर्ण जिम्मेदारी, सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, डेटा संकलन की प्रक्रिया, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा निर्धारित प्रपत्रों को सही ढंग से भरने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, जनसामान्य से संवाद स्थापित कर सही एवं सटीक जानकारी प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

प्रथम बैच का प्रशिक्षण 18, 19 एवं 20 मार्च 2026 को तथा द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 23, 24 एवं 25 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को फील्ड में प्रभावी रूप से लागू किया जाए, जिससे जनगणना कार्य को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *