यूपी के जालौन जनपद ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। आईजीआरएस पोर्टल पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए माधोगढ़ तहसील ने प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय ने उप जिलाधिकारी माधोगढ़ राजेश सोनी व उनकी टीम को बधाई दी।डीएम ने कहा कि शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के कारण माधोगढ़ तहसील ने यह उपलब्धि हासिल की है, जिससे जनसुनवाई प्रणाली के प्रति जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है। आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध समाधान प्रशासनिक दक्षता और पारदर्शिता का महत्वपूर्ण पैमाना माना जाता है।गौरतलब है कि इससे पहले जालौन की कोंच तहसील ने भी आईजीआरएस पोर्टल पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया था। लगातार दो तहसीलों का प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त करना जालौन प्रशासन की कार्यशैली और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।आईजीआरएस में निरंतर मिल रही इन सफलताओं के चलते जालौन जनपद प्रदेश स्तर पर सुर्खियों में बना हुआ है और प्रशासनिक सुधारों के मॉडल के रूप में उभर रहा है।
