जितेन्द्र गुप्ता, जालौन
माननीय उच्च न्यायालय, लखनऊ में योजित ज्योति राजपूत बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य वाद के संबंध में दिनांक 24 नवंबर 2025 को पारित आदेश के अनुपालन में आज 20 दिसंबर 2025 को जनपद जालौन के रेलवे स्टेशन उरई पर विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया गया। यह अभियान जिलाधिकारी महोदय एवं जिला विकास अधिकारी/प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर गठित विभिन्न विभागों की संयुक्त समिति द्वारा संचालित किया गया।

अभियान का उद्देश्य सड़क पर कठिन परिस्थितियों में रह रहे अनाथ, परित्यक्त एवं आपात स्थिति में जीवनयापन कर रहे व्यक्तियों की पहचान कर उनके पुनर्वासन की कार्यवाही करना रहा।

इस दौरान रेलवे स्टेशन परिसर व आसपास रहने वाले लोगों को शासन की विभिन्न पुनर्वास योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजे जाने की प्रक्रिया समझाई गई।

इस रेस्क्यू अभियान में समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, महिला कल्याण विभाग, नगर निगम, डूडा, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग की कुल 07 टीमें शामिल रहीं।

अभियान के दौरान चिकित्सा विभाग से डॉ. आनंद वर्मा, श्रम विभाग से जगदीश वर्मा, महिला कल्याण विभाग से जुली खातून एवं प्रतीक्षा सिंह, डूडा विभाग से अहमद, समाज कल्याण विभाग से देवेंद्र त्रिवेदी तथा पुलिस विभाग से राजकुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।प्रशासन की इस पहल से जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
