Share Now:

जितेन्द्र गुप्ता ✍️

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा की। लक्ष्य के सापेक्ष कम राजस्व वसूली पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने आबकारी, स्टाम्प, परिवहन एवं व्यापार कर विभागों की अपेक्षाकृत कम प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। विशेष रूप से स्टाम्प वसूली में ढिलाई पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्टाम्प वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही वर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग द्वारा जारी की गई आरसी की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए तथा बड़े बकायेदारों की संपत्ति कुर्क कर कठोर कार्रवाई की जाए।व्यापार कर विभाग द्वारा प्रवर्तन कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाई और निर्देशित किया कि जनपद में किसी भी स्तर पर कर क्रापवंचन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अभियान चलाकर प्रवर्तन की कार्रवाई में तेजी लाने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मंडी परिषद को भी राजस्व वसूली में तेजी लाने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि तीन वर्ष से अधिक पुराने राजस्व वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही धारा 34 एवं 116 के अंतर्गत लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को समयबद्ध न्याय मिल सके।उन्होंने सरकारी भूमि, तालाब, चारागाह एवं अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी एवं निरंतर अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि कब्जे की किसी भी शिकायत पर राजस्व एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के विकास कार्यों को गति देने तथा शासन के लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के लिए सभी विभाग पारदर्शिता, तत्परता एवं उत्तरदायित्व की भावना से कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फील्ड में रहकर समस्याओं का समाधान करें और जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेन्द्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल सहित समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *