जितेन्द्र गुप्ता, जालौन
कोटरा (जालौन)। थाना कोटरा क्षेत्र के ग्राम धुरट में शनिवार की शाम पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। ससुराल पक्ष जहां इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके पक्ष ने विवाहिता की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।
ग्राम धुरट निवासी रामशंकर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। पहली पत्नी की मृत्यु के बाद उसने झांसी जनपद के ग्राम कुरैठा, थाना गुरसरांय निवासी जयंती (32) से दूसरी शादी की थी। जयंती के दो पुत्रियां भूमि व काव्या और एक पुत्र निपुश है। शनिवार की शाम किसी बात को लेकर रामशंकर और जयंती के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद जयंती घर के एक कमरे में चली गई।
कुछ देर बाद जब रामशंकर कमरे में पहुंचा तो उसने जयंती को फंदे से लटका देखा, जिससे उसके होश उड़ गए। सूचना पर कोटरा थाना प्रभारी विमलेश कुमार पुलिस बल व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। मामले की सूचना मायके पक्ष को दी गई, जिस पर मृतका के पिता गोविंद पाल व भाई सुनील मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि जयंती की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल पुलिस ने पति रामशंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
