जितेन्द्र गुप्ता, जालौन
जनपद जालौन में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार के निर्देशन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक) का शुभारम्भ शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से किया गया।इस अवसर पर परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से एन.सी.सी. व एन.एस.एस. के छात्र-छात्राओं के सहयोग से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत चौराहे-चौराहे जाकर वाहन चालकों एवं आम जनमानस को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया।जागरूकता अभियान के दौरान वाहन चालकों को अपने वाहनों के समस्त वैध प्रपत्र साथ रखने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस लेकर चलने, लेन अनुशासन का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने, वाहन चलाते समय स्टंटबाजी न करने की सख्त हिदायत दी गई।कार्यक्रम को प्रभावी बनाने हेतु जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया स्वयं चौराहों पर पहुंचे और एन.सी.सी. व एन.एस.एस. के छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए अभियान को आगे बढ़ाया।इस राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम में सुरेश कुमार (वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी—प्रशासन/प्रवर्तन), राजेश कुमार (सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी—प्रवर्तन), विनय कुमार पाण्डेय (यात्रीकर/मालकर अधिकारी) एवं बीर बहादुर (प्रभारी यातायात) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।
