Share Now:

जितेन्द्र गुप्ता, जालौन

अंग वस्त्र व मिठाई भेंट कर लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद, सेवा व संवेदना से जुड़ी नव वर्ष की शुरुआत

नव वर्ष के अवसर पर जनपद में मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण एक सराहनीय पहल देखने को मिली। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने राठ रोड स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवासरत बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें अंग वस्त्र एवं मिठाई भेंट कर नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।इस दौरान अधिकारियों ने बुजुर्गों का हालचाल जाना, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आवश्यकतानुसार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आत्मीय संवाद और स्नेहिल व्यवहार से वृद्धाश्रम का वातावरण भावुक और अपनत्व से भर उठा।बुजुर्गों ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस सम्मानजनक व्यवहार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें दीर्घायु, स्वस्थ जीवन एवं सफल कार्यकाल के लिए आशीर्वाद दिया।इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान, सुरक्षा और देखभाल हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि नव वर्ष की शुरुआत यदि सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ की जाए तो यह समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करती है।इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया, समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *