Share Now:

जितेन्द्र गुप्ता, जालौन

कोंच। रोजगार के लिए सस्ते ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा देकर ग्रामीणों से ठगी करने वाले फर्जी बैंक अधिकारी को कैलिया पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान नानूराम कुमावत उर्फ नरेंद्र निवासी शौभाग सिंह की ढाणी, हिरनोदा थाना फुलेरा, जिला जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे खैरी मोड़ से गिरफ्तार किया।थाना कैलिया क्षेत्र की रहने वाली कुमकुम रानी ने शनिवार को थाने में तहरीर देकर बताया कि तीन दिसंबर को नानूराम उनके गांव आया था। उसने खुद को एचडीबी बैंक का अधिकारी बताते हुए रोजगार के लिए सस्ते ब्याज पर लोन दिलाने का दावा किया। उसके झांसे में आकर कुमकुम रानी, उसके जेठ सहित गांव के कई लोगों ने लोन इंश्योरेंस के नाम पर पांच से दस हजार रुपये तक की रकम दे दी। आरोपी ने दो-तीन दिन में लोन पास कराने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बाद वह फरार हो गया।शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। रविवार को थानाध्यक्ष अवनीश कुमार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में आरोपी के पास से छह हजार रुपये नकद, तीन एंड्रॉयड मोबाइल, सफेद रंग की किया सोनेट कार, तीन सिम कार्ड, तीन पासबुक, चार चेकबुक, एटीएम कार्ड, लैपटॉप, इंकपैड, मोहर और कई अहम दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि आरोपी भोले-भाले ग्रामीणों, विशेषकर अनपढ़ महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी करता था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *