Share Now:

जितेन्द्र गुप्ता ✍️

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार की उपस्थिति में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में व्यापार संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन की व्यापार हितैषी नीतियों की जानकारी प्रदान करना रहा।जिलाधिकारी ने जी०एस०टी० रिफॉर्म 2.0 के अंतर्गत व्यापारियों एवं आम जनमानस को सरकार द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जी०एस०टी० के अंतर्गत पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, जिससे व्यापारियों को सुगमता हो रही है। जी०एस०टी० लागू होने के पश्चात दैनिक उपयोग की वस्तुएं सस्ती हुई हैं, कृषि उपकरणों पर कर भार कम हुआ है, स्वास्थ्य सेवाओं में आम जनता को लाभ मिल रहा है, वहीं वाहन एवं इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतों में भी कमी आई है, जिससे प्रदेश आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से अग्रसर है।इसी क्रम में राज्य कर विभाग के उपायुक्त अमित कुमार यादव एवं सहायक आयुक्त आशीष मिश्रा द्वारा व्यापारियों को जी०एस०टी० के अंतर्गत किए गए सरलीकरण के संबंध में जानकारी दी गई तथा व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके सुझाव भी प्राप्त किए गए। व्यापारियों को अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत किसी भी व्यापारी की दुर्घटना में असमय मृत्यु होने पर उनके परिजनों को ₹10 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाती है। जी०एस०टी० लागू होने के पश्चात अब तक प्रदेश में 25 व्यापारियों के परिजनों को ₹10 लाख प्रति प्रकरण की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने आसपास के व्यापारी बंधुओं को जी०एस०टी० पंजीयन कराने हेतु प्रेरित करें, जिसमें राज्य कर विभाग द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यापारियों से संबंधित सभी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने व्यापारियों से कर जमा करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे वे बिना किसी भय के सुचारु रूप से अपना व्यवसाय कर सकेंगे तथा प्रदेश के विकास में भी सहभागी बनेंगे।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के०के० सिंह, क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह, राज्य कर विभाग के उपायुक्त अमित कुमार यादव, उपायुक्त उद्योग प्रभात यादव, सहायक आयुक्त आशीष मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद के व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *