Share Now:

समिति की बैठक में आज जनपद में 41 प्रकरणों पर 1.25 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति स्वीकृत

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष जिला संचालन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में दुष्कर्म, POCSO, दहेज हत्या तथा जघन्य हिंसा जैसे गंभीर अपराधों से प्रभावित पीड़ित महिलाओं और नाबालिग बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने संबंधी लंबित मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई।समिति ने समीक्षा के बाद 41 मामलों में कुल 1 करोड़ 25 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति स्वीकृत की। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा स्थापित यह कोष गंभीर अपराधों से पीड़ित महिलाओं और बच्चों को संकट की स्थिति में त्वरित राहत प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को आर्थिक सहयोग, उपचार एवं पुनर्वास सहायता समय पर उपलब्ध कराना शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभी जितने भी प्रकरण लंबित हैं, उनका निस्तारण शीघ्रतम समय में किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों तक सहायता बिना विलंब पहुँच सके। उन्होंने यह भी कहा कि हर पीड़ित परिवार को योजना का पूरा लाभ मिले और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के के सिंह, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र भिटौरिया, जिला प्रोबेशन अधिकारी निशांत पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *