Share Now:

डीएम-एसपी मौके पर पहुंचे, घायलों के इलाज की निगरानी; अयोध्या से लौट रहे थे सभी यात्री

जितेन्द्र गुप्ता ✍️ l जालौन

झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) पर जालौन जनपद के कालपी कोतवाली क्षेत्र में 84 गुंबद के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया।

तेज रफ्तार टवेरा कार ने पीछे से ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार का गेट काटकर घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया, जहां उनके इलाज की समुचित व्यवस्था कराई गई।

जिलाधिकारी ने स्वयं मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर घायलों के उपचार की निगरानी की और चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए। गंभीर हालत को देखते हुए चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान एक और घायल की मौत हो गई। इस प्रकार मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।प्राथमिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद आना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

बताया गया कि कार सवार सभी लोग अयोध्या से दर्शन कर ललितपुर जनपद के महरौनी क्षेत्र लौट रहे थे।हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *