उष्ण लहर और गर्म रातों से बढ़ेगी परेशानी, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
जितेन्द्र गुप्ता ✍️ l जालौन
उरई। जनपद जालौन समेत बुंदेलखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार 24 मई से 25 मई तक जालौन जिले में उष्ण लहर चलने की प्रबल संभावना जताई गई है। इसके साथ ही रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलने की चेतावनी जारी की गई है।मौसम विभाग के अनुसार जालौन जिले में दिन के समय तेज धूप और लू जैसी स्थिति बनी रहेगी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विभाग ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। गर्म हवाओं के चलते तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।पूर्वानुमान में यह भी कहा गया है कि प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है, हालांकि जालौन में मुख्य रूप से भीषण गर्मी और गर्म रातों का असर अधिक रहेगा। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, धूप में निकलते समय सिर ढककर रखें तथा अत्यधिक गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं।
