Share Now:

पारदर्शिता बढ़ाने और व्यवस्था को सुगम बनाने हेतु नई प्रणाली लागू

जितेन्द्र गुप्ता ✍️

शासन द्वारा जारी निर्देशों के क्रम जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जनपद में माननीयगण/अन्य विशिष्ट अतिथिगण हेतु सर्किट हाउस, निरीक्षण भवन एवं गेस्ट हाउस में कमरों की बुकिंग व्यवस्था को पूर्णतः ऑनलाइन कर दिया गया है। अब सभी बुकिंग केवल अधिकृत वेब पोर्टल के माध्यम से ही की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की ऑफलाइन बुकिंग मान्य नहीं होगी।शासन द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में यह व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि बुकिंग की पुष्टि तभी मानी जाएगी जब उसे जिलाधिकारी द्वारा अनुमोदित किया जाएगा। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत अतिथि को पहले ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण कर आवश्यक विवरण भरते हुए भुगतान करना होगा। भुगतान सफल होने के पश्चात बुकिंग का अनुरोध जिलाधिकारी के लॉगिन पैनल पर पहुंचेगा, जहां से स्वीकृति अथवा अस्वीकृति का निर्णय लिया जाएगा।उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में रिसेप्शन काउंटर पर जाकर सीधे बुकिंग कराने की अनुमति नहीं होगी, बल्कि ऐसी स्थिति में भी ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाना अनिवार्य रहेगा। यह व्यवस्था पारदर्शिता, जवाबदेही और सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक जनपद में प्रोटोकॉल के अंतर्गत कुछ कक्ष आरक्षित रखे जाएंगे, जिनका आवंटन भी निर्धारित नियमों के अनुसार ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से ही किया जाएगा। विशेष परिस्थितियों में ही जिलाधिकारी स्तर से आवश्यक संशोधन किया जा सकेगा।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल के संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा आमजन को भी इस नई व्यवस्था की जानकारी व्यापक रूप से उपलब्ध कराई जाए। सर्किट हाउस/गेस्ट हाउस की बुकिंग हेतु केवल अधिकृत ऑनलाइन पोर्टल का ही उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *